लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा चीन से जुड़े मुद्दे पर एक पत्रिका (मैगज़ीन) की रिपोर्ट का हवाला देने की कोशिश के बाद सोमवार को सदन में नया विवाद खड़ा हो गया. बताया गया कि जिस रिपोर्ट का राहुल गांधी उल्लेख कर रहे थे, उसमें पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे (सेवानिवृत्त) की अप्रकाशित (unpublished) किताब से जुड़े कथित उद्धरण शामिल थे. स्पीकर ने सदन के नियमों का हवाला देते हुए राहुल गांधी को ऐसा करने से रोक दिया.
सत्ता पक्ष ने इसे सदन की मर्यादा और नियमों से जोड़ते हुए नेता विपक्ष पर सवाल खड़े किए. वहीं विपक्ष का तर्क है कि राष्ट्रीय सुरक्षा और चीन जैसे मुद्दों पर चर्चा से 'रोकना' सही नहीं है.
घटनाक्रम के चलते कुछ देर के लिए सदन का माहौल तनावपूर्ण हो गया और सत्ता पक्ष‑विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली. इसके बाद बहस और ज्यादा आक्रामक होने लगी तो स्पीकर ओम बिड़ला ने सदन की कार्यवाही को 4 बजे तक स्थगित कर दिया.
